मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को झामुमो के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसद को अपने आवास पर बुलाया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष भी इसमें शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि ऐसे में परिसीमन को लेकर झारखंड के संदर्भ में पड़ने वाला प्रभाव, यहां की जनजतीय समुदाय की राजनीतिक हितों पर पड़ने वाले प्रभाव समेत कई खास विषयों पर लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ मुख्यमंत्री चर्चा करेंगे। विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो पहले ही अपना स्टैंड साफ कर चुका है कि यदि परिसीमन से झारखंड के आदिवासी समुदाय के राजनीतिक-सामाजिक हितों को नुकसान पहुंचता है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में जब मुख्यमंत्री अपने सांसदों के साथ बैठेंगे, तो उसमें परिसीमन के तमाम प्रभाव पर चर्चा विस्तार से होगी।