कोलकाता के तॉपसिया इलाके में तृणमूल कांग्रेस के निर्माणाधीन पार्टी कार्यालय को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ईएम बाईपास के पास स्थित इस भवन के प्रवेश द्वार पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। साथ ही, भवन के भीतर किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि संचालित नहीं करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम आनंदपुर थाने की पुलिस टीम निर्माणाधीन तृणमूल भवन पहुंची। पुलिस ने भवन के प्रवेश द्वार पर बैरिकेड और गार्डरेल लगा दिए। इसके बाद वहां आवाजाही पर रोक लगा दी गई। बताया जा रहा है कि कोलकाता नगर निगम (KMC) की ओर से भवन के इस्तेमाल को लेकर आवश्यक अनुमति नहीं मिलने का मामला सामने आया है। नगर निगम की शिकायत के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल भवन में केवल निर्माण संबंधी काम ही किया जा सकता है, वहां राजनीतिक गतिविधियों की अनुमति नहीं है।
पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही तृणमूल के वरिष्ठ नेता सक्रिय हो गए। शुक्रवार रात कोलकाता के संगठनात्मक जिला अध्यक्ष कुणाल घोष और बैश्वानर चट्टोपाध्याय मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की और पुलिस अधिकारियों से बैरिकेडिंग लगाए जाने का कारण पूछा। तृणमूल नेताओं ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि भवन अभी निर्माणाधीन है और इसका नियमित पार्टी कार्यालय के रूप में इस्तेमाल नहीं हो रहा है। उनका दावा है कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता केवल निर्माण कार्य की प्रगति देखने के लिए वहां आते हैं।
शनिवार सुबह तृणमूल सांसद डोला सेन भी निर्माणाधीन कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की। डोला सेन ने आरोप लगाया कि हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद बदले की भावना से यह कदम उठाया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की कार्रवाई से ममता बनर्जी और उनके समर्थकों की राजनीतिक गतिविधियों को दबाया नहीं जा सकता। उनके मुताबिक, भवन और जमीन को लेकर पार्टी के पास आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं।