बिहार के 114वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश ने दी बधाई

  • Mar 22, 2026
Khabar East:Chief-Minister-Nitish-Extends-Greetings-on-Bihars-114th-Foundation-Day
पटना,22 मार्चः

बिहार वासियों के लिए आज 22 मार्च गौरव का दिन है। बिहार अपना 114वां स्थापना दिवस मना रहा है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस पर प्रदेश एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि बिहारवासी आपसी एकता, भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं सछ्वाव बनाए रखते हुए बिहार के गौरव को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री ने समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए समस्त बिहारवासियों का आह्वान किया है।

 इसी दिन वर्ष 1912 में बिहार बंगाल प्रेसिडेंसी से अलग हुआ था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2008 से बिहार दिवस मनाने का संकल्प लिया था। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की ओर से उन्नत बिहार उज्ज्वल बिहार थीम पर तीन दिवसीय बिहार दिवस का आयोजन 22 मार्च से 24 मार्च तक किया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम पटना के गांधी मैदान में आयोजित हो रहा है। आज 22 मार्च को बॉलीवुड गायिका सोना महापात्र अपने गीतों से पटना के लोगों को झुमाएंगी। 23 मार्च को गांधी मैदान के मंच पर बॉलीवुड सिंगर शान अपनी प्रस्तुति देंगे जबकि 24 मार्च को सुप्रसिद्ध गायक पापोन अपना जलवा बिखेरेंगे।

आज 22 मार्च को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक की ओर से ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा ओडिसी नृत्य और रमिंदर खुराना तथा प्राची पल्लवी साहू की ओर से समकालीन नृत्य भी होगा। रविंद्र भवन में कमलेश कुमार सिंह द्वारा लोकगीत और भिखारी ठाकुर की कालजयी रचना गबरधिचोर की नाट्य प्रस्तुति होगी। 23 मार्च को कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुदीपा घोष द्वारा बुद्धचरित पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी जबकि रविंद्र भवन में सुरेंद्र शर्मा और उनकी टीम द्वारा हास्य कवि सम्मेलन और नाटक वैजयंती का मंचन होगा।

 24 मार्च को कृष्ण मेमोरियल हॉल में डुमरा घराना का ध्रुपद गायन पंडित राम जी मिश्र करेंगे तो डॉ. एन विजया लक्ष्मी भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगी। रविंद्र भवन में बिहार दर्पण नृत्य नाटक, आलोक राज और अशोक कुमार प्रसाद की गजल और समीर का मुशायरा भी होगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: