छात्र संघ चुनाव से पहले हिंसा, डीजीपी ने बढ़ाई सुरक्षा

  • Oct 11, 2026
Khabar East:DGP-Orders-Heightened-Security-On-Campuses-After-Violence-Ahead-Of-Students-Union-Polls
भुवनेश्वर,11 अक्टूबरः

ओडिशा के कई कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव से पहले हिंसा और छात्रों के बीच तनाव की घटनाएं सामने आने के बाद राज्य के डीजीपी विनयतोश मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एसपी, डीआईजी और आईजी स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक कर डीजीपी ने 15 अक्टूबर को होने वाले छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

डीजीपी ने कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के परिसरों में हिंसा रोकने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने और चुनाव के बाद होने वाली हिंसा पर अंकुश लगाने पर जोर दिया।

 उन्होंने कहा कि पुलिस को किसी घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय कॉलेजों में हिंसा रोकने के लिए पहले से एहतियाती कदम उठाने चाहिए। मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों को कॉलेज प्रशासन के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और तनाव की आशंका वाले स्थानों तथा परिस्थितियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। जरूरत पड़ने पर तत्काल हस्तक्षेप करने को भी कहा।

 डीजीपी ने चुनाव के दौरान हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका वाले कॉलेज परिसरों में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने का निर्देश दिया। साथ ही, वरिष्ठ अधिकारियों से चुनाव संबंधी तनाव और विवादों को गंभीरता से लेते हुए कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

गौरतलब है कि पिछले गुरुवार को जाजपुर जिले के एक कॉलेज परिसर में बम फेंके जाने के बाद वहां छात्र संघ चुनाव रद्द कर दिया गया था। इसके अलावा नयागढ़, भद्रक, बालेश्वर और अंगुल जिलों के कॉलेजों में भी छात्रों के बीच अशांति की घटनाएं सामने आई हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: