भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा विजिलेंस विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को कलाहांडी जिला अंतर्गत धर्मगढ़ के उप-कलेक्टर आईएएस अधिकारी धीमान चकमा को एक स्थानीय व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। व्यवसायी द्वारा मामले की सूचना विजिलेंस अधिकारियों को दिए जाने के बाद यह गिरफ्तारी की गई।
विजिलेंस निदेशालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार चकमा के आधिकारिक आवास की तलाशी के दौरान 47 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी बरामद की गई है। उपप कलेक्टर इन रुपयों का संतोषजनक विवरण नहीं दे पाए। इसके बाद नकदी जब्त करने के साथ चकमा को गिरफ्तार कर कलाहांडी में विजिलेंस न्यायालय भेज दिया गया।
भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 के तहत चकमा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।
यह पहली बार नहीं है जब चकमा ने कोई प्रमुख पद संभाला है, इससे पहले वे आईएएस अधिकारी के रूप में नियुक्त होने से पहले भारतीय वन सेवा अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं।
इससे पहले, चकमा भारतीय वन सेवा अधिकारी (2019 बैच) के रूप में ओडिशा कैडर में शामिल हुए थे। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने जून, 2021 से एसीएफ, बारीपदा, मयूरभंज के रूप में काम किया। 2021 में, सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद, उन्हें आईएएस अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया और उन्हें ओडिशा कैडर सौंपा गया। प्रशिक्षण के बाद वे जनवरी, 2024 में उप-कलेक्टर, धर्मगढ़, कलाहांडी के रूप में शामिल हुए और आज तक इस पद पर कार्यरत हैं।