हजारीबाग में प्रिंस खान गैंग के गिरोह का एनकाउंटर

  • Aug 08, 2026
Khabar East:Encounter-with-the-Prince-Khan-gang-in-Hazaribagh
हजारीबाग,08 अगस्तः

जिला पुलिस इन दिनों प्रिंस खान के संदिग्ध गुर्गों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रही है। बड़कागांव में पुलिस ने गिरोह के सदस्य अंकित कुमार पांडे को गिरफ्तार किया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि इसकी गिरफ्तारी मुठभेड़ के दौरान हुई है। हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर हुई गोलीबारी मामले में हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गोलीकांड में संदिग्ध प्रिंस खान गिरोह के सदस्य अंकित कुमार पांडेय को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिस फायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं।

हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग करने वाले प्रिंस खान गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के घायल होने की भी पुष्टि की है। इस मामले को लेकर हजारीबाग एसपी प्रेस वार्ता भी करेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़कागांव में एनटीपीसी कोल परिवहन में लगे गाड़ी के ऊपर पिछले दिनों फायरिंग हुई थी। इस मामले को लेकर पुलिस तहकीकात कर रही थी। बड़कागांव थाने में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने पिपराडीह निवासी संदिग्ध अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए थाना लाया था। पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें टेलीग्राम एप के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों के साथ चैट किए जाने की बात सामने आई है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: