पति-पत्नी समेत तीन महीने के बच्चे की जिंदा जलने से मौत

  • Apr 13, 2026
Khabar East:Husband-wife-and-three-month-old-child-burn-to-death
दरभंगा,13 अप्रैलः

बिहार के दरभंगा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर में हुए भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। बेचन दास के घर में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जो पल भर में विकराल रूप धारण कर पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक तीन महीने का मासूम बच्चा समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग बुरी तरह झुलस गए। घटना सुंदरपुर के तेनु पेड़ के निकट बेचन दास के घर की है, जहां रात के भोजन की तैयारी चल रही थी। अचानक गैस सिलेंडर में आग लगने से जोरदार ब्लास्ट हुआ। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि घर के लोग बच नहीं पाए। आग ने पूरे मकान को घेर लिया और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचाया। पार्षद प्रतिनिधि भगवान लाल ठाकुर ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में गोविंद दास, मिसु कुमारी और तीन महीने का नन्हा बच्चा शामिल हैं, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में दो वयस्क और एक बच्चे शामिल होने से पूरे परिवार पर गहरा सदमे में है। बेचन दास, उनके दूसरे बेटे गोविंद, पड़ोसी आदित्य और एक अग्निशमन अधिकारी समेत कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। विश्वविद्यालय थाना की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। थाना प्रभारी सुधार कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया और आग को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।

 घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर की लीकेज या खराबी को हादसे का कारण बताया जा रहा है। आगे की जांच जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: