रांची में आज भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला

  • Oct 09, 2026
Khabar East:India-vs-West-Indies-T20-match-in-Ranchi-today
रांची,09 अक्टूबरः

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला का दूसरा मुकाबला आज शाम 7 बजे से रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले को लेकर राजधानी में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह है। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मुकाबले को लेकर स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात नियंत्रण और वाहनों की पार्किंग तक की तैयारी पूरी कर ली गई है।  दर्शकों को दोपहर तीन बजे से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। भारतीय टीम पहला मुकाबला जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। ऐसे में घरेलू मैदान पर होने वाले दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया की नजर बढ़त मजबूत करने पर होगी।

 वहीं, वेस्टइंडीज की टीम सीरीज में वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। मुकाबला शाम सात बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। स्टेडियम में दर्शकों की भीड़ को देखते हुए प्रवेश द्वारों पर जांच की व्यवस्था की गई है। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच के कारण उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर स्टेडियम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई है। पुलिस और संबंधित एजेंसियों की निगरानी में दर्शकों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। स्टेडियम के मुख्य द्वार तक आम दर्शकों के वाहनों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों को अपने टिकट पर दर्ज प्रवेश द्वार के अनुसार निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करना होगा। इसके बाद उन्हें पैदल स्टेडियम तक पहुंचना होगा।

 स्टेडियम के भीतर हेलमेट, पानी की बोतल और किसी भी तरह का बैग ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। दोपहिया वाहन से आने वाले दर्शकों को हेलमेट रखने की व्यवस्था पहले से करनी होगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले दर्शकों को प्रतिबंधित वस्तुओं और प्रवेश संबंधी नियमों की जानकारी ले लेनी चाहिए।

Author Image

Khabar East

  • Tags: