बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे व अंतिम चरण के लिए प्रचार का शोर आज शाम पांच बजे थम जाएगा। 11 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान होगा। अंतिम दिन एनडीए ने पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सासाराम के फजलगंज स्टेडियम में एनडीए उम्मीदवार स्नेहलता के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, इसके बाद अरवल में भी उनकी सभा होगी। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रोहतास, औरंगाबाद और कैमूर जिलों में लगातार जनसभाएं कर मतदाताओं से “एक बार फिर एनडीए सरकार” का आह्वान करेंगे। चुनावी सरगर्मी चरम पर है और सभी दिग्गज आज आखिरी दांव खेल रहे हैं।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सीतामढ़ी, समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण और मधुबनी में चार जोरदार रैलियां करेंगे। वहीं महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव अरवल, रोहतास, औरंगाबाद, जहानाबाद और कैमूर में पांच जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी किशनगंज और पूर्णिया में दो सभाएं करेंगे, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कैमूर के गोह और मोहनिया में एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे। शाम पांच बजे प्रचार थमते ही 122 सीटों की सियासी जंग का अगला पड़ाव मतदान होगा।