छत्तीसगढ़ में आज से धान की खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसकी तैयारी सरकार की तरफ से पहले ही पूरी कर ली गई है। इस बार सरकार 3100 रुपए की दर से 3 हजार 100 केन्द्रों पर धान की खरीदी कर रही है। हालांकि सरकार ने इस बार कई बड़े बदलाव किए हैं, जिसके साथ ही धान की खरीदी हो रही है। इस बार की धान खरीदी में 21 कुन्तल प्रति एकड़ की उपज के बेचने के मामले को शिथिल किया गया है।धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 15 नवंबर से धान खरीदी महाअभियान शुरू हो चुका है। आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस भी है। इस मौके पर ये अभियान शुरू होना अपने आप में शुभ संकेत है, जिसका फायदा किसानों को मिलेगा। इस वर्ष प्रदेश के 27 लाख 50 हजार से अधिक किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की व्यवस्था की गई है। किसानों को समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की सहायता के माध्यम से 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ दिया जाएगा।
नई व्यवस्था में आदान सहायता की गणना को अधिक स्पष्ट और किसान हितैषी बनाया गया है। उदाहरण के लिए, यदि किसी किसान का 1 एकड़ धान का रकबा पंजीकृत है और वह 21 क्विंटल के स्थान पर केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे 13,839 रुपये की पूरी सहायता मिलेगी। इसी तरह 2 एकड़ वाले किसान को 27,678 रुपये और 3 एकड़ वाले किसान को 41,517 रुपये की सहायता मिलेगी। इस वर्ष कॉमन ग्रेड धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल है। सरकार की 3100 रुपये की दर और समर्थन मूल्य के बीच 659 रुपये प्रति क्विंटल का अंतर है। अधिकतम 21 क्विंटल के आधार पर यह राशि 13,839 रुपये होती है, जिसे प्रति एकड़ एक समान सहायता के रूप में तय किया गया है।