जमीन विवाद में मां बेटे की गोली मारकर हत्या

  • Jun 23, 2025
Khabar East:Mother-and-son-shot-dead-in-land-dispute
खगड़िया,23 जूनः

बिहार के खगड़िया में हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गयी है। जमीन विवाद में मां-बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना पसराहा थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पसराहा थाने की पुलिस छानबीन में जुट गयी है। मृतकों में महिला की पहचान फूला देवी (60) और पुत्र पंकज कुमार (35) के रूप में हुई है। दोनों मां बेटे थे। जानकारी के अनुसार 8 बीघे की जमीन विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। हत्या के बाद से इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतक के परिवार वालों ने बताया कि निर्मम तरीके से हत्या की गयी है। मृतका की बेटी सविता कुमारी ने बताया कि बदमाशो ने घर में घुस कर सोए अवस्था में मां और भाई की हत्या कर दी। बेटी ने बताया कि पहले से जमीन विवाद चल रहा है, जिसमें आरोपी की मां की हत्या हुई थी। इस मामले में मेरे पिता जेल में हैं। इसी का बदला लेने के लिए मेरी मां और भाई की हत्या की गयी। पहले मां के नाक में गोली मारकर हत्या कर दी। भाई जान बचाने के लिए भागे तो उसे भी गोली मार दी और धारदार हथियार से गर्दन काट दिया।

 पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। जमीन विवाद में एक महिला की हत्या हुई थी। इस मामले में फूला देवी के पति सतन सिंह पहले से जेल में हैं। आशंका जतायी जा रही है कि पुरानी रंजिश में बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया गया है।

 इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: