जमशेदपुर एनकाउंटर में मुख्तार अंसारी का मोस्ट वांटेड शूटर ढेर

  • Mar 30, 2025
Khabar East:Mukhtar-Ansaris-most-wanted-shooter-killed-in-Jamshedpur-encounter
रांची,30 मार्चः

यूपी एसटीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने जमशेदपुर में हुए एक एनकाउंटर में मुख्तार अंसारी गिरोह के कुख्यात अपराधी अनुज कनौजिया को मार गिराया है। अनुज कनौजिया उत्तर प्रदेश से फरार होकर झारखंड के जमशेदपुर में छिपकर रह रहा था। अनुज पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर सहित दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज थे। यूपी पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि अनुज कनौजिया फिलहाल झारखंड के जमशेदपुर में रह रहा है। यूपी एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि लोकेशन मिलने के बाद झारखंड एटीएस की सहायता से अनुज को गिरफ्तार करने के लिए टीम शनिवार की देर रात जमशेदपुर के गोविंदपुर के पास स्थित जनता मार्केट पहुंची थी। यूपी पुलिस और झारखंड पुलिस ने घेराबंदी की तो अनुज ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे बाहर निकलने के लिए चेतावनी दी लेकिन वह लगातार पुलिस पर गोलियां चलाता रहा। इसके बाद यूपी पुलिस ने पहले अनाउंसमेंट कर उसे सरेंडर करने को कहा, इस पर उसने एक बार फिर से अपने घर की खिड़की से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में उत्तर प्रदेश पुलिस के डीएसपी धर्मेंद्र कुमार शाही को गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें शूटर अनुज मारा गया।

 जमशेदपुर के सीनियर एसपी किशोर कौशल ने बताया कि यूपी एसटीएफ की टीम ने जमशेदपुर में इनामी अपराधी अनुज कनौजिया को गिरफ्तार करने के लिए आई थी जिसमें जमशेदपुर पुलिस के द्वारा सहयोग किया गया। एसपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश एसटीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने जब अनुज की घेराबंदी कि तब उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में अनुज मारा गया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: