जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे नीतीश कुमार, 19 मार्च को करेंगे नामांकन

  • Mar 18, 2026
Khabar East:Nitish-Kumar-to-remain-JDU-National-President-will-file-nomination-on-March-19
पटना,18 मार्चः

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में इन दिनों सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश अध्यक्ष पद के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 19 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन की अंतिम तारीख 22 मार्च निर्धारित की गई है, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार के अलावा किसी अन्य नेता के नामांकन की संभावना नहीं है। ऐसे में उनका निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। गौरतलब है कि 2024 में ललन सिंह के इस्तीफे के बाद से ही नीतीश कुमार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। अब एक बार फिर वह अगले तीन वर्षों के लिए इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, 27 मार्च को चुनाव की तिथि तय की गई है, लेकिन चुनावी स्थिति बनने की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि 22 मार्च को ही उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा।

  इससे पहले जदयू के प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी कोई मुकाबला नहीं हुआ था और उमेश कुशवाहा को लगातार तीसरी बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में की जाएगी। यह बैठक 29 मार्च को आयोजित हो सकती है, हालांकि एमएलसी संजय गांधी के अनुसार तिथि में बदलाव संभव है। अंतिम निर्णय राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं, लेकिन पार्टी की कमान अपने पास ही रखेंगे। फिलहाल वह विधान परिषद के सदस्य हैं और राज्यसभा के लिए भी चुने गए हैं। ऐसे में वह मुख्यमंत्री पद के साथ-साथ विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देकर राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।

  पार्टी संगठन की ओर से बताया गया था कि यदि इस पद के लिए एक से अधिक नामांकन दाखिल होते हैं, तो 27 मार्च को चुनाव कराया जाएगा। हालांकि पार्टी के भीतर ऐसी संभावना कम मानी जा रही है। जदयू के नेताओं का कहना है कि आमतौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से ही फैसला लिया जाता है। इसलिए इस बार भी निर्विरोध चुनाव की संभावना जताई जा रही है। जिसमें नीतीश का नाम ही आगे है।  राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नीतीश कुमार पार्टी संगठन में बड़े बदलाव कर सकते हैं। वर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को दोबारा यह जिम्मेदारी मिल सकती है। साथ ही पार्टी में नए चेहरों और वरिष्ठ नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। कुल मिलाकर, जदयू में नेतृत्व परिवर्तन की कोई संभावना नहीं दिख रही है और पार्टी की कमान एक बार फिर नीतीश कुमार के हाथों में ही रहने वाली है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: