ओडिशा के औद्योगिक विकास को बड़ी गति देते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को खुर्दा जिले के बेगुनिया ब्लॉक अंतर्गत भुइंपुर में 40,811 करोड़ रुपये के निवेश वाली 36 प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन 36 परियोजनाओं में से 25 परियोजनाओं का औपचारिक उद्घाटन किया गया, जबकि 11 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। ये परियोजनाएं ग्रीन एनर्जी उपकरण, धातु एवं डाउनस्ट्रीम उद्योग, टेक्सटाइल एवं परिधान, प्लास्टिक, पर्यटन, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, रक्षा निर्माण, आईटी, ऑटोमोबाइल और सीमेंट सहित कई क्षेत्रों से संबंधित हैं। कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि “ओडिशा अब केवल संभावनाओं का राज्य नहीं रहा, बल्कि समृद्धि का स्पर्श अनुभव कर रहा है।”
उन्होंने इस आयोजन को समृद्ध ओडिशा की दिशा में स्वर्णिम यात्रा का एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए राज्य में चल रही दूसरी औद्योगिक क्रांति का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 36 परियोजनाओं से 59,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि पिछले 18–20 महीनों में राज्य सरकार लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये की 109 परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन कर चुकी है, जिससे 1.76 लाख नौकरियां सृजित हुई हैं। आज की 40,000 करोड़ रुपये से अधिक की नई निवेश घोषणाओं के साथ रोजगार सृजन का आंकड़ा और बढ़ गया है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जो कई उत्पाद पहले विदेशों से आयात किए जाते थे, अब उनका निर्माण ओडिशा की धरती पर ही होगा।
ओडिशा में बने उत्पाद वैश्विक बाजार तक पहुंचेंगे, जिससे हमारा औद्योगिक तंत्र आत्मनिर्भर बनेगा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान राज्य बजट में बुनियादी ढांचा विकास के लिए 72,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जो राज्य के जीडीपी का लगभग 6.5 प्रतिशत है। इससे आधारभूत संरचना के निर्माण में तेजी आएगी और नए रोजगार अवसर पैदा होंगे।
“2036 तक हमारे पास 10 वर्ष हैं और ये हम सभी के लिए ‘विजनरी ईयर्स’ हैं। ओड़िया अस्मिता के साथ आर्थिक विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के उद्योगपतियों के साथ विशेष राउंडटेबल बैठक की, जिसमें आगामी परियोजनाओं पर चर्चा हुई। उन्होंने उद्योगपतियों को भूमि, बिजली, पानी और संचार सुविधाओं सहित पूर्ण सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक स्वीकृतियां समय पर दी जाएंगी। किसी भी समस्या की स्थिति में उद्योगपति सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
उद्योग मंत्री संपदा चंद्र स्वाईं ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की विविध, स्थिर और भविष्य उन्मुख औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। “बात करना और वादों को पूरा करना अलग-अलग बातें हैं। हमारी सरकार काम पर विश्वास करती है।
भुवनेश्वर सांसद अपराजिता सारंगी ने ओडिशा की मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था और औद्योगिक तैयारी की सराहना की। स्थानीय विधायक प्रशांत जगदेव और प्रदीप कुमार साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।इस अवसर पर मुख्य सचिव अनु गर्ग, अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) हेमंत शर्मा, अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड के प्रबंध निदेशक करण अदाणी सहित वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने परियोजना प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कंपनी प्रतिनिधियों व कर्मचारियों से संवाद भी किया।