स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को बढ़ावा देने ओडिशा-बिहार ने मिलाया हाथ

  • Aug 02, 2026
Khabar East:Odisha-Bihar-Join-Hands-To-Boost-Sports-Ecosystem
भुवनेश्वर,02 अगस्तः

ओडिशा और बिहार ने खेलों के विकास, खिलाड़ियों के आदान-प्रदान और जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान को बढ़ावा देने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। यह निर्णय रविवार को कलिंग स्टेडियम में ओडिशा के खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज और बिहार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया।

चार दिवसीय ओडिशा दौरे के समापन पर हुई इस बैठक में खेल अवसंरचना, खेल विज्ञान, कोचिंग और खिलाड़ियों के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव भूपेंद्र सिंह पूनिया भी मौजूद रहे।

 श्रेयसी सिंह ने ओडिशा की विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं और हाई परफॉर्मेंस सेंटरों की सराहना करते हुए दोनों राज्यों के बीच नियमित मैत्री मैच और खिलाड़ी आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि बिहार में हर ग्राम पंचायत में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट के अभ्यास के लिए बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है।

 सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि सीएम ट्रॉफी जैसी पहल ग्रामीण क्षेत्रों से खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वहीं, भूपेंद्र सिंह पूनिया ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार और उनके दीर्घकालिक करियर के लिए प्रशिक्षण में खेल विज्ञान को शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। दोनों मंत्रियों ने चोट से बचाव, पोषण, रिकवरी और फिटनेस के प्रति खिलाड़ियों में जागरूकता बढ़ाने की भी आवश्यकता बताई।

 सूर्यवंशी सूरज ने 'खेलो इंडिया' कार्यक्रम के विस्तार का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले राज्य और जिला स्तर पर नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर बल दिया।

 बैठक के अंत में ओडिशा सरकार ने बिहार के प्रतिनिधिमंडल को राज्य की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक व्यंजनों से परिचित कराया। श्रेयसी सिंह ने ओडिशा सरकार के आतिथ्य के लिए आभार जताते हुए कहा कि पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन और भुवनेश्वर की हरियाली व स्वच्छता ने उन्हें बेहद प्रभावित किया। उन्होंने ओडिशा के खेल विकास मॉडल को पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बताया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: