ओडिशा के अंगुल जिले में शुक्रवार तड़के एक यात्री बस के पीछे से ट्रक में टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य यात्री घायल हो गए। यह सड़क दुर्घटना अंगुल जिले के हंडापा थाना क्षेत्र के बैंधा इलाके के अंतर्गत लुहामुंडा के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ, जब भुवनेश्वर से झारसुगुड़ा जा रही ‘दिलखुश’ नामक यात्री बस आगे चल रहे एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को अंगुल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान एक घायल यात्री की मौत हो गई।
घायलों में 15 यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई, जिनमें से 14 गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।