छत्तीसगढ़ में एआई आधारित हाईटेक एजुकेशन की तैयारी

  • Apr 09, 2026
Khabar East:Preparations-Underway-for-AI-Based-High-Tech-Education-in-Chhattisgarh
रायपुर,09 अप्रैलः

छत्तीसगढ़ में शिक्षा को भविष्य की तकनीकों से जोड़ते हुए, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारों की दिशा में पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित CM हाउस में गूगल इंडिया के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इसमें गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन और गूगल इंडिया के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राकेश रंजन शामिल रहे। CM ने कहा कि राज्य को ज्ञान, कौशल और नवाचार का केंद्र बनाना इसका मुख्य उद्देश्य है। बैठक में AI आधारित शिक्षा को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। साथ ही AI सक्षम शिक्षा अभियान की शुरुआत करने की भी घोषणा हुई। इस अभियान की शुरुआत रायपुर से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में होगी। बाद में इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में AI आधारित पढ़ाई और डिजिटल टूल्स का उपयोग बढ़ेगा।सक्षम शिक्षा अभियान के तहत 2 लाख से ज्यादा शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्हें AI और डिजिटल टूल्स का उपयोग सिखाया जाएगा। इसके लिए गूगल अपना प्लेटफॉर्म फ्री में उपलब्ध कराएगा। पहले चरण में 200 शिक्षकों के लिए ट्रेनिंग वर्कशॉप होगी। AI टूल्स का प्रैक्टिकल उपयोग सिखाया जाएगा। पढ़ाई को ज्यादा आसान और प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।

इस अभियान और ट्रेनिंग के बाद पढ़ाई को ज्यादा इंटरैक्टिव और स्मार्ट बनाने पर फोकस होगा। जिससे छात्रों में नई स्किल्स और सोचने की क्षमता विकसित होगी। साथ ही वे भविष्य की नौकरियों के लिए तैयार होंगे।

 यह योजना National Education Policy 2020 और डिजिटल इंडिया मिशन के अनुरूप है। लक्ष्य है हर छात्र को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, रायपुर कलेक्टर डॉ। गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: