सिलीगुड़ी के आशीघर मोड़ के पास साहू नदी के किनारे से रविवार सुबह एक दंपत्ति का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृत दंपति का नाम अनिमा बर्मन और तपन बर्मन है। दंपति भोलानाथ पारा इलाके के निवासी थे। अनिमा एक स्थानीय कारखाने में काम करती थी। जबकि तपन बर्मन राजमिस्त्री का काम करता था। अनिमा बर्मन का रक्तरंजित शव नदी में मिला जबकि उसके पति तपन बर्मन का शव नदी से कुछ दूर जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम करीब छह बजे पति अपनी पत्नी को कारखाने से लेने गया था। तब से दोनों लापता थे। परिवार वालों ने रात में दोनों की तलाश की लेकिन वे नहीं मिले। रविवार सुबह थारोघाटी के पास साइकिल पाया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों को दोनों का शव मिला। महिला का गला कटा हुआ था। किसी को समझ नहीं आ रहा कि दोनों ने यह कदम क्यों उठाया।
आशंका जतायी जा रही है कि पति ने पत्नी की हत्या करके आत्महत्या कर ली है। आशीघर चौकी की पुलिस ने दंपति के शव को बरामद कर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है।