पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना को लेकर बड़ा भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड नहीं मिलेगा, उन्हें भी इलाज की सुविधा से वंचित नहीं रखा जाएगा। ऐसे लोगों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में 6.5 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड दिया जाएगा। सरकार तेजी से इस योजना को लागू करने की दिशा में काम कर रही है ताकि पात्र लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा पहले से अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी कारण से कोई व्यक्ति आयुष्मान भारत कार्ड नहीं प्राप्त कर पाता है, तो उसे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र नागरिक इलाज के अभाव में परेशान न हो।