ओडिशा के लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने मंगलवार को राज्य की शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से लोक सेवा भवन स्थित अपने कार्यालय में लोक निर्माण विभाग तथा आवास एवं शहरी विकास विभाग के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
इस पहल के पहले चरण में राज्य के 10 प्रमुख शहरों- भुवनेश्वर, कटक, पुरी, ब्रम्हपुर, बालेश्वर, बलांगीर, संबलपुर, भवानीपटना, केंदुझर और जाजपुर- की सड़कों के व्यापक रूपांतरण के लिए नया ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है।
बैठक के बाद मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया कि इन शहरों में बाईपास सड़कों के निर्माण और मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान देते हुए तीन वर्षों का विशेष रोडमैप अंतिम रूप दिया गया है।
बैठक में यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक सड़क सुरक्षा प्रणालियों को अपनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि इस पहल से राज्य की शहरी परिवहन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष और आधुनिक बनेगी।
उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में आवास एवं शहरी विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढ़ी, लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव लक्ष्मीकांत पाढ़ी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।