रील वीडियो शूट करने के दौरान रेलवे पुल से फिसलकर ब्राह्मणी नदी में गिरने से एक युवक लापता हो गया। लापता युवक की पहचान समाल थाना क्षेत्र के बिलिंदा गांव निवासी शुभ्रांशु प्रधान के रूप में हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, शुभ्रांशु रविवार शाम अपने दो दोस्तों के साथ ब्राह्मणी नदी पर बने रेलवे पुल पर रील वीडियो बनाने गया था। शूटिंग के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर नीचे नदी में गिर गया। घटना के तुरंत बाद उसके दोस्तों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर कनिहा अग्निशमन केंद्र और समाल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटों तक लगातार तलाश करने के बावजूद अब तक शुभ्रांशु का कोई पता नहीं चल सका है।
फिलहाल खोज अभियान जारी है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लापता युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।