ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना पट्टामुंडई मॉडल थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान काजलाबंध गांव निवासी कैलाश मलिक के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, राजनगर थाना क्षेत्र के ईशानीपाली गांव में सहजन (मुनगा) तोड़ने को लेकर प्रभाकर नायक और प्रताप नायक के परिवारों के बीच विवाद शुरू हुआ था। बुधवार को दोनों परिवारों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर प्रताप नायक का बेटा सुशांत आसपास के गांवों से 10 से 15 युवकों को लेकर आया और प्रभाकर नायक के बड़े बेटे पर हमला कर दिया।
इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कैलाश मलिक हिंसा की चपेट में आ गए और झड़प के दौरान उन्हें चाकू मार दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें केंद्रापड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि प्रभाकर नायक और प्रताप नायक सगे भाई हैं और उनके बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिसका मामला अदालत में विचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।