चलती इंटरसिटी एक्सप्रेस में भीषण आग, काले धुएं से भर गया स्टेशन

  • Feb 18, 2026
Khabar East:A-massive-fire-erupted-in-the-Intercity-Express-filling-the-station-with-black-smoke
कोलकाता,18 फरवरीः

हावड़ा-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में मंगलवार को अचानक आग लग गई। ट्रेन जैसे ही नवद्वीप स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, यात्रियों ने दूसरे डिब्बे से आग की लपटें उठते देखीं। आग के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग डर के मारे स्टेशन पर बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों और यात्रियों के अनुसार ट्रेन दोपहर में हावड़ा से रवाना हुई थी। जैसे ही ट्रेन नवद्वीप स्टेशन में घुस रही थी, ड्राइवर ने आग की स्थिति देख ट्रेन को रोक दिया। स्टेशन पर मौजूद GRP और RPF मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित उतारा। घटना के समय स्टेशन का पूरा इलाका काले धुएं से भर गया। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत डिब्बे का बिजली कनेक्शन काटा। आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा। इसके बाद यात्रियों को दूसरे डिब्बे में बिठाकर ट्रेन मालदा के लिए रवाना कर दी गई। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया। नवद्वीप स्टेशन पर खड़े एक यात्री ने कहा, “क्या हमारी जान की कोई कीमत नहीं है? ट्रेन रवाना होने से पहले सुरक्षा उपायों की जांच क्यों नहीं की गई?” हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया।

 गौरतलब है कि इससे पहले पिछले रविवार को पूर्वी बर्दवान के कटवा स्टेशन पर खड़ी अजीमगंज यात्री बोगी में भी आग लग चुकी है। रेलवे ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: