कुएं से दो बुजुर्गों का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

  • Feb 18, 2026
Khabar East:Bodies-of-two-elderly-people-recovered-from-a-well-police-investigating
रांची,18 फरवरीः

जिले के रातू थाना क्षेत्र स्थित एक कुएं से दो शव बरामद किए गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का लग रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतक अपने गांव से रातू एक लोटा-पानी (छेका) कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आए थे। मामला रांची के रातू थाना क्षेत्र के बसाईर टोली तिगरा गांव में मंगलवार रात एक कुएं से दो बुजुर्गों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जरिया बेड़ो निवासी बंधन भगत (50 वर्ष) और पुनई उरांव (60 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रविवार को लोटा-पानी रस्म के लिए तिगरा गांव आए थे, लेकिन उसके बाद से लापता थे। मिली जानकारी के अनुसार, बंधन भगत और पुनई उरांव जरिया बेड़ो के रहने वाले थे। वे रविवार को स्थानीय परिवार में होने वाले लोटा-पानी रस्म में शामिल होने तिगरा पहुंचे थे। रस्म के बाद दोनों का कोई अता-पता नहीं चला। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार रात स्थानीय ग्रामीणों को कुएं में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसकी सूचना फैलते ही लोग इकट्ठा हो गए। जांच में पता चला कि पानी के अंदर दो शव है। ग्रामीणों ने किसी तरह शवों को कुएं से बाहर निकाला और मृतकों की पहचान कर ली। शव मिलने की खबर फैलते ही जरिया बेड़ो के लोग तिगरा पहुंचे और शवों को अपने साथ ले गए। इस दौरान पुलिस को कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई। बुधवार को जब मामला रातू थाने तक पहुंचा, तो पुलिस टीम जरिया बेड़ो रवाना पहुंची। वहां से दोनों शवों को रातू थाने लाया गया और यूडी केस का मामला दर्ज किया गया।

 रातू थाना प्रभारी रामनरायण ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा मामले की जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन बुधवार को पुलिस को अपने माध्यम से सूचना मिली। जिसके बाद दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

 मामले में ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बुजुर्ग रात के अंधेरे में कुएं में गिर गए थे। कुंआ गांव के बीचों-बीच स्थित है और इसकी गहराई करीब 30 फीट बताई जा रही है। आसपास कोई रेलिंग या सुरक्षा उपाय नहीं होने से हादसे की आशंका जताई जा रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: