केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को भुवनेश्वर पहुंचे। उन्हें बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, उपमुख्यमंत्री प्रभाति परिड़ा और राज्य भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल समेत अन्य नेताओं ने स्वागत किया।
शाह विशेष वायुसेना विमान से भुवनेश्वर पहुंचे हैं। अपने दौरे के दौरान वे कटक, भुवनेश्वर और पारादीप में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वे मुण्डली में आयोजित होने वाले सीआईएसएफ के 57वें स्थापना दिवस समारोह में भी शामिल होंगे।
दोपहर में शाह खुर्दा में नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (NFSU) और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) भुवनेश्वर परिसर के लिए भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही वे भुवनेश्वर में NFSU ट्रांजिट कैंपस का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे।
इसके अलावा शाह आईडीसीओ एग्जीविशन ग्राउंड, भुवनेश्वर में नए आपराधिक कानूनों (न्याय संहिता) पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे तथा उद्घाटन भी करेंगे।
शाह के दौरे को देखते हुए भुवनेश्वर-कटक पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम के मद्देनज़र गोदिसाही–मुण्डली रोड का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने एक्स (X) हैंडल पर लिखा कि माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी का बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ओडिशा की पवित्र मिट्टी से स्वागत किया गया। अपने दौरे के दौरान वे लगभग 3,300 करोड़ की जनहितकारी परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय एवं सहयोग से ओडिशा के विकास की गति और तेज होगी।