बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोइली भराव गांव में बदमाशों ने पोल्ट्री फार्म व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त रणधीर कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रणधीर कुमार भराव चौक पर पान की दुकान भी चलाते थे और पोल्ट्री फार्म का कारोबार करते थे। घटना के समय वह अपनी पान की दुकान बंद कर बाइक से सब्जी और अन्य सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा किया और सुनसान जगह पर उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल रणधीर कुमार को लेकर ग्रामीण इलाज के लिए एसकेएमसीएच पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, रणधीर कुमार को दो गोली बाएं हाथ में और एक गोली सीने में लगी थी।
मृतक की पत्नी चिंटू देवी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके पति के मोबाइल पर हत्या की धमकी मिल रही थी, लेकिन इसकी शिकायत थाने में नहीं की गई थी। घटना के बाद उनका मोबाइल भी गायब बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रामपुर हरि थाना अध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
इधर, हत्या की खबर मिलते ही पूर्व राजद विधायक मुन्ना यादव समेत कई स्थानीय नेता एसकेएमसीएच पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।