कटक जिला अंतर्गत चांदनी चौक स्थित ओडिशा हाईकोर्ट के सामने मंगलवार को आग लगने की घटना में चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और देखते ही देखते पास में खड़ी दो स्कूटरों तथा एक एसयूवी तक फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने सुबह के समय ईवी से आग की लपटें निकलती हुई देखीं।
एक स्थानीय निवासी ने कहा कि मैं कोर्ट की ओर जा रहा था, तभी मैंने इलेक्ट्रिक वाहन में आग देखी। कुछ ही देर में आग पास खड़े अन्य वाहनों तक फैल गई।
सूचना मिलते ही ओडिशा हाईकोर्ट फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई, जबकि लालबाग थाना पुलिस के कर्मी भी आग पर काबू पाने में मदद के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों के अनुसार, ईवी और दोनों स्कूटर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जबकि एसयूवी को लगभग 60 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।