जमीन विवाद में गोलीबारी, युवक गंभीर रूप से घायल

  • Mar 27, 2026
Khabar East:Gunfire-in-Land-Dispute-Youth-Seriously-Injured
कटिहार,27 मार्चः

कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के विसरिया पंचायत में जमीनी विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान अमन कुमार (21वर्ष) के रूप में हुई है, जिसका इलाज पूर्णिया सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और वह बेहोशी की अवस्था में है। घटना के संबंध में घायल के भाई रघुनंदन कुमार ने बताया कि उनके परिवार का पड़ोसियों के साथ पूर्व से ही जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनकी पत्नी और मां के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई गई थी और मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है।

  रघुनंदन कुमार के अनुसार, उनका भाई अमन कुमार मक्का का खेत देखने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी दयानंद सिंह, रुपेश कुमार और राजू सिंह ने मिलकर उस पर गोली चला दी। गोली अमन कुमार के कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे पूर्णिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 वहीं, कोढ़ा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी के द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि जमीनी विवाद में गोली चलने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: