पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले कलेंद्रनाथ मांडी भाजपा में शामिल

  • Mar 27, 2026
Khabar East:Kalendranath-Mandi-Joins-BJP-Ahead-of-Elections-in-West-Bengal
कोलकाता,27मार्चः

डायन कुप्रथा के खिलाफ लंबे समय से संघर्ष करने वाले संथाल लेखक और साहित्यकार कलेंद्रनाथ मांडी ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। राज्य भाजपा के साल्टलेक स्थित कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और पुरुलिया के सांसद तथा प्रदेश भाजपा महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उल्लेखनीय है कि कलेंद्रनाथ मांडी वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव में पुरुलिया जिले के बांदवान ब्लॉक की एक सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जिला परिषद सदस्य चुने गए थे। हाल ही में उन्हें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हाथों बंगभूषणसम्मान से भी सम्मानित किया गया था।

 संथाली साहित्य के प्रमुख हस्ताक्षरों में गिने जाने वाले कलेंद्रनाथ मांडी ने वर्ष 1981 में साहित्य लेखन की शुरुआत की थी। अब तक उनकी कुल दस पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी चर्चित कृति आरसीडायन प्रथा जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ लिखी गई है। वह लंबे समय से अपनी टीम के साथ गांव-गांव जाकर डायन उत्पीड़न विरोधी जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही संथाली भाषा, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए भी सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

 इस दौरान सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने कहा कि राज्य में तृणमूल शासन के दौरान आदिवासी समाज विकास और अधिकारों से वंचित रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति राज्य सरकार का रवैया अपमानजनक रहा है, जिससे आदिवासी समाज में असंतोष है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में इसका प्रभाव देखने को मिलेगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: