झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। बीती रात 11:00 से 11:30 के बीच उनको फोन आया। उस वक्त मंत्री दिल्ली में थे। उन्होंने बताया कि एक अनजान नंबर से फोन आया था। रिसीव करने पर दूसरी ओर से सीधे कहा गया कि 24 घंटे के भीतर तुमको उड़ा देंगे। यह सुनते ही इरफान अंसारी सन्न रह गए। उन्होंने बताया कि पहली बार किसी ने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी है। लिहाजा, उसी वक्त रांची के पुलिस कप्तान चंदन सिन्हा को फोन पर इसकी जानकारी दी। उनको 7903928578 नंबर से धमकी भरा फोन आया था।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि झामुमो कोटे के मंत्री हफीजुल हसन की हार्ट की सर्जरी नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में होनी है। उन्हीं को देखने के लिए वे दिल्ली पहुंचे थे। इसी बीच देर रात फोन पर धमकी मिल गई। उन्होंने कहा कि मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। मैं हर तबके की बात सुनता हूं। समझ में नहीं आ रहा है कि धमकी मुझे क्यों दी गई।
उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि के नाते उनका हर तरह के लोगों से मिलना जुलना होता है। इसलिए वह नहीं चाहेंगे कि यह बात कानूनी रूप ले। अगर इसमें कोई साजिश होगी तो इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूर होगी।