भारत ने कई वारहेड वाले अग्नि मिसाइल का किया सफल परीक्षण

  • May 09, 2026
Khabar East:India-Tests-Agni-Missile-With-Multiple-Warheads-From-APJ-Abdul-Kalam-Island
भुवनेश्वर,09 मईः

भारत ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेबल री-एंट्री व्हीकल (MIRV) प्रणाली से लैस उन्नत अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इस मिसाइल का परीक्षण कई पेलोड के साथ किया गया, जिन्हें हिंद महासागर क्षेत्र में बड़े भौगोलिक क्षेत्र में फैले अलग-अलग लक्ष्यों पर निशाना बनाया गया।

मिसाइल की निगरानी और ट्रैकिंग कई ग्राउंड और जहाज आधारित स्टेशनों द्वारा की गई। इन प्रणालियों ने मिसाइल के प्रक्षेपण से लेकर सभी पेलोड के लक्ष्य पर गिरने तक पूरे मार्ग को ट्रैक किया। उड़ान से प्राप्त आंकड़ों ने पुष्टि की कि परीक्षण के दौरान सभी मिशन उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए।

इस सफल परीक्षण के साथ भारत ने एक बार फिर यह क्षमता प्रदर्शित की कि एक ही मिसाइल प्रणाली के जरिए कई रणनीतिक लक्ष्यों को निशाना बनाया जा सकता है। इस मिसाइल का विकास डीआरडीओ की प्रयोगशालाओं ने देशभर के उद्योगों के सहयोग से किया है। परीक्षण के दौरान डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिक और भारतीय सेना के अधिकारी मौजूद रहे।

 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल परीक्षण के लिए डीआरडीओ, भारतीय सेना और संबंधित उद्योगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बढ़ते सुरक्षा खतरों के बीच देश की रक्षा तैयारियों को और मजबूत करेगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: