राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के लालबाग इलाके में शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक घर में घुसकर सो रहे दंपति पर धारदार हथियार से अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में नवाज आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हो गई। सुबह-सुबह हमलावर घर के अंदर दाखिल हुए और सो रहे दंपति पर ताबड़तोड़ वार करने लगे। पूरे घर का माहौल खून से सन गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक घर से चीख-पुकार की आवाजें आने लगी। जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। दंपति खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर ली और जांच शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल नाजिया परवीन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने के लिए लगी हुई है। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है जो सबूत जुटाने में जुटी है।
इस घटना से लालबाग इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि शहर के व्यस्त और घनी आबादी वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या जैसी घटना अत्यंत चिंताजनक है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
थाना प्रभारी शहजाद गद्दी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हमलावरों की पहचान कर ली गई है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्रेम प्रसंग से जुड़े आपसी विवाद का मामला प्रतीत हो रही है। पुलिस विभिन्न एंगलों से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पुष्टि हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी। फॉरेंसिक रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को तेज कर दिया गया है।