नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खोर्धा सदर पुलिस ने टपांग के पास झिंकीझरी इलाके में छापेमारी कर अवैध ब्राउन शुगर कारोबार का भंडाफोड़ किया है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 26 लाख मूल्य की 259 ग्राम ब्राउन शुगर, 30,000 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल जब्त कीं।
मामले में कथित तौर पर शामिल चार ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बाद में सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। खोर्धा एसपी ने कहा कि जिलेभर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह कार्रवाई ओडिशा में हाल के दिनों में चल रही लगातार एंटी-ड्रग मुहिम के बीच हुई है। इससे पहले भुवनेश्वर स्थित उत्कल विश्वविद्यालय परिसर से करीब 20 लाख रुपये की ब्राउन शुगर जब्त की गई थी। वहीं “ऑपरेशन शुगर ट्रैप” के तहत खोर्धा जिले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। एक अन्य मामले में पुलिस और आबकारी विभाग ने भुवनेश्वर में लगभग ₹50 लाख मूल्य की ब्राउन शुगर जब्त की थी। राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।