राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान की बड़े मार्केट में आग लग गई। घटना चांदनी मार्केट की है, जहां शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वेयरहाउस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की करीब दर्जनभर गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया है। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा के मद्देनजर फायर प्रूफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण पहनकर वेयरहाउस के अंदर और आसपास से आग बुझाने का अभियान चलाया।
बताया जा रहा है कि काफी मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। हालांकि, वेयरहाउस के अंदर कई जगहों पर आग की लपटों और धुएं के कारण दमकल कर्मी पूरी सावधानी के साथ ऑपरेशन चला रहे हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर आग किस वजह से लगी, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।