ओडिशा सरकार ने रबी धान की सरकारी खरीद की अंतिम तिथि बढ़ाकर तीन जुलाई 2026 कर दी है। यह फैसला उन किसानों को राहत देने के लिए लिया गया है, जिनका धान अभी भी राज्य के कुछ जिलों में खरीदा जाना बाकी है।
खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने मंगलवार को बताया कि पहले 30 जून रबी धान खरीद की अंतिम तिथि थी। हालांकि, नुआपड़ा, बालेश्वर सहित 3–4 जिलों में अभी भी कुछ किसानों का धान खरीदा जाना शेष है। इसी को देखते हुए खरीद की अवधि तीन जुलाई तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिन सभी किसानों को धान बिक्री के लिए टोकन जारी किए गए हैं, उनके धान की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी टोकनधारी किसान को वंचित नहीं रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब तक राज्य के 3,36,052 किसानों से 18,79,919 मीट्रिक टन रबी धान की खरीद की जा चुकी है।
मंत्री ने कहा कि खरीद की समय सीमा बढ़ने के बाद राज्य में कुल रबी धान खरीद 20 लाख मीट्रिक टन के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है।