ओडिशा में सक्रिय निम्न दबाव के कारण भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए राज्य अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। होमगार्ड एवं फायर सर्विसेज के महानिरीक्षक (आईजी) उमाशंकर दास ने महानिदेशक डॉ. सुधांशु षड़ंगी के मार्गदर्शन में विभाग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सभी फायर स्टेशनों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है, जबकि कटक, ब्रह्मपुर और संबलपुर रेंज में विशेष बचाव दल तैनात किए गए हैं। विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर कॉल करने की अपील की है।
बचाव और राहत कार्यों के लिए राज्यभर में 324 मोटर चालित इंफ्लेटेबल रबर बोट तैनात की गई हैं। इनमें मध्य क्षेत्र में 159, दक्षिणी क्षेत्र में 84 और उत्तरी क्षेत्र में 81 नौकाएं शामिल हैं।
इसके अलावा 3,143 लाइफ जैकेट, 2,712 लाइफ बॉय, 145 अंडरवाटर ब्रीदिंग सेट और 161 सरफेस ब्रीदिंग सेट तैयार रखे गए हैं।
जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 952 पंप, रात के बचाव अभियान के लिए 628 टावर लाइट और 173 सर्च लाइट भी तैनात की गई हैं। आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में भारी बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसे देखते हुए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग किसी भी बाढ़ संबंधी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।