किसानों को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने धान खरीद के लिए पंजीकरण की समयसीमा सात दिन और बढ़ा दी है। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने इस फैसले की जानकारी दी है। मंत्री ने बताया कि धान पंजीकरण प्रक्रिया इस वर्ष 6 अगस्त से शुरू हुई थी और इसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई थी। अब इसे सात दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। अब तक 17 लाख से अधिक किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कुल 19.67 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया था और इस वर्ष भी लगभग इतनी ही संख्या में किसानों के पंजीकरण की उम्मीद है।
मंत्री ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान कुछ स्थानों पर किसानों को नेटवर्क संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें परेशानी हुई। इस समस्या के समाधान के लिए तकनीकी टीम के साथ चर्चा की गई है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि नेटवर्क और तकनीकी खामियों को जल्द ही दूर कर दिया जाएगा।