सदर अस्पताल से दुखद खबर सामने आई है। सदर अस्पताल में कार्यरत फिजियोथैरेपिस्ट डॉ.वीरेंद्र महतो ने बीती रात कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई। मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है,जिसे सिटी थाना पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों ने आत्महत्या पर सवाल उठाते हुए अस्पताल में साजिश की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार,डॉ. वीरेंद्र महतो का शव अस्पताल परिसर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है,जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इधर,मृतक के परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं थी और डॉ.वीरेंद्र महतो के आत्महत्या करने जैसी कोई स्थिति नहीं थी। उनका आरोप है कि अस्पताल में उनके साथ किसी तरह की साजिश हुई है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के काफी समय बाद तक सदर अस्पताल के सिविल सर्जन या उपाधीक्षक के मौके पर नहीं पहुंचने से परिजनों में नाराजगी भी देखी गई। फिलहाल सिटी थाना पुलिस सुसाइड नोट समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
इस मामले को लेकर सीटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टि या मामला आत्महत्या का लगता है। मृतक के मोबाइल में कई ट्रेडिंग से संबंधित मैसेज भी पाए गए हैं। शाम लगभग साढ़े पांच बजे पत्नी के अकाउंट में भी 95,000 मृतक ने ट्रांसफर किया था, सभी मामले की जांच की जा रही है।