प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने शुक्रवार को पुरी समुद्र तट पर पखाल दिवस के अवसर पर पखाल थीम पर आधारित आकर्षक रेत कला बनाकर इस खास दिन को मनाया।
सोशल मीडिया पर अपनी कला साझा करते हुए पटनायक ने पारंपरिक ओड़िया व्यंजन के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त किया, जो ओडिशा के भोजन का एक प्रमुख हिस्सा है। पखाल, किण्वित (फर्मेंटेड) चावल से बना एक पारंपरिक व्यंजन है, जो क्षेत्र में गर्मियों के दौरान बेहद लोकप्रिय है और अपने शीतल प्रभाव के लिए जाना जाता है। यह उत्सव ओड़िया संस्कृति में पखाल के सांस्कृतिक महत्व और स्थानीय लोगों तथा भोजन प्रेमियों के बीच इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
अपने एक्स (X) हैंडल पर पटनायक ने लिखा- “पखाल दिवस की शुभकामनाएं। सबसे पसंदीदा ओड़िया व्यंजन को समर्पित यह दिन वास्तव में एक विशेष एहसास है। ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर बनाई गई मेरी यह रेत कला।”
उल्लेखनीय है कि पखाल ओडिशा का अत्यंत प्रिय व्यंजन है, जिसे उसकी सादगी, आसान तैयारी और किफायती होने के कारण व्यापक रूप से पसंद किया जाता है। इस व्यंजन को विशेष पहचान तब मिली जब ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा, वरिष्ठ भाजपा नेता एल.के. आडवाणी तथा माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी को नवीन निवास में अपने साथ पखाल भोज के लिए आमंत्रित किया था।