बिहार में होली के दिन मातम पसर गया। विभिन्न जिलों में अलग-अलग हादसों में 21 लोगों की जान चली गई। मधुबनी, बेगूसराय और सीतामढ़ी में सबसे अधिक चार-चार लोगों की मौत हुई है। वहीं मुजफ्फरपुर में 3, मुंगेर में 2, सुपौल में 2, समस्तीपुर और मोतिहारी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को होली मनायी गई थी। वहीं कुछ जिलों में आज शनिवार को होली है। बिहार में 24 घंटे में विभिन्न जिलों में हुए हादसों में 21 लोगों की मौत हो गई। होली की खुशियां मातम में बदल गई। कई घरों के चिराग बुझ गए, तो कहीं अपराधियों ने खून की होली खेली। शुक्रवार को मुंगेर में डायल 112 पर मिली शिकायत के बाद पुलिस विवाद सुलझाने के लिए नंदलालपुरा गांव गए एएसआई पर शराबी परिवार ने हमला कर दिया। धारदार हथियार से कई वार किए गए। गंभीर रूप से जख्मी एएसआई संतोष कुमार सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मुफस्सल थाना क्षेत्र में गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मधुबनी के बेनीपट्टी प्रखंड के अरेर थाना क्षेत्र के दहिला गांव में होली के दिन चीख पुकार मच गई। 4 लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें थीं। बताया जाता है कि सभी होली खेलने के बाद नहाने के लिए नदी पर गई थीं, जहां डूबने से चारों की मौत हो गई।
वहीं, बेगूसराय में अलग-अलग घटना में चार लोगों की जान चली गई। पहली घटना मल्हीपुर गंगा घाट की है, जहां गंगा नदी में नहाने के दौरान दो किशोर की डूबने से मौत हो गई। वहीं बेगूसराय थाना क्षेत्र के खांजहांपुर पंचायत में नहाने के दौरान एक बच्ची की डूबने से मौत हो गई।