बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भी नेताओं का दल बदल समाप्त नहीं हुआ है। कई नेता आने वाले चुनाव को देखकर दलबदल रहे हैं। पूर्व एमएलसी स्वर्गीय केदार पांडे के पुत्र पुष्कर आनंद भी वामपंथी दल छोड़कर जेडीयू में आज शामिल हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता दिलाई है। चार बार एमएलसी रहे हैं केदार पांडे: स्वर्गीय केदार पांडे सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चार बार विधान पार्षद चुने गए। जीवन के अंतिम दिनों तक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता के तौर पर ही उनकी पहचान रहे। वामपंथी दल में होने के बावजूद नीतीश कुमार से उनकी नजदीकी यहां जगजाहिर थी। अब उनके बेटे पुष्कर आनंद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को छोड़कर जदयू में शामिल हो गए हैं।
केदार पांडे के निधन के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के टिकट पर उपचुनाव में पुष्कर आनंद ने भी भाग्य आजमाया था लेकिन सफलता नहीं मिली। अब एक बार फिर से जदयू के टिकट पर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं ऐसी चर्चा है। पुष्कर आनंद का कहना है कि यह तो पार्टी तय करेगी। नीतीश कुमार के काम में विश्वास जताते हुए ही जेडीयू में शामिल हुए हैं।
वहीं, जेडीयू में लगातार नेताओं के आने पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 20 सालों में न्याय के साथ विकास का जो काम किया है, उससे सभी लोग काफी प्रभावित हैं। इसी कड़ी में आज पुष्कर आनंद भी जेडीयू में शामिल हो गए हैं।