छापेमारी की सूचना लीक करने के आरोप में दो पुलिसकर्मी निलंबित

  • Jul 05, 2026
Khabar East:2-Police-Personnel-Suspended-For-Alleged-Leak-Of-Raid-Information-In-Mayurbhanj
बारीपदा,05 जुलाईः

ओडिशा के मयूरभंज जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ प्रस्तावित छापेमारी की गोपनीय सूचना लीक करने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह कार्रवाई 13 जून को पूर्वी रेंज के डीआईजी के निर्देश पर राज्यव्यापी अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान की प्रारंभिक जांच के बाद की गई। अधिकारियों के अनुसार, झारपोखरिया थाना क्षेत्र में दो स्थानों पर एक साथ छापेमारी की योजना बनाई गई थी। इनमें से एक स्थान पर कार्रवाई सफल रही, जबकि दूसरे स्थान पर खुफिया सूचना होने के बावजूद कोई बरामदगी नहीं हुई। इससे संदेह हुआ कि आरोपियों को पहले ही पुलिस कार्रवाई की भनक लग गई थी।

 प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रस्तावित छापेमारी से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पुलिस तंत्र के भीतर से मवेशी तस्करी गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाई गई थी।

 जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने झारपोखरिया थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) रंजीत नायक और कांस्टेबल आशीष नायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

 इसके अलावा, होमगार्ड सुब्रत पाढ़ी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें 30 दिनों के भीतर इस मामले में अपनी भूमिका स्पष्ट करने को कहा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें अभियान से जुड़ी थाना गतिविधियों की जानकारी थी।

 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार गोच्छायत ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह निर्णय थाना प्रभारी (आईआईसी) और उपखंड पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 इस बीच, पुलिस ने फरार मवेशी तस्करी गिरोह के सदस्यों की तलाश तेज कर दी है। उनकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त खुफिया जानकारी जुटाई जा रही है।

 गौरतलब है कि 13 जून को मयूरभंज, भद्रक और बालासोर जिलों में अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ राज्यव्यापी समन्वित अभियान चलाया गया था। इस दौरान संदिग्ध तस्करों के ठिकानों से लाखों रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण तथा जमीन और संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए थे।

अधिकारियों के अनुसार, सूचना लीक होने के मामले और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच अभी जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: