नयागढ़ जिले के गणिया ब्लॉक अंतर्गत बेलपड़ा गांव में एक खुले कुएं से कक्षा पांच के छात्र का शव बरामद होने के मामले में बेलपड़ा प्राथमिक विद्यालय के दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई बुधवार को छात्र की मौत के बाद की गई।
इस संबंध में गणिया ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) लिप्सा नंद ने बताया कि घटना के बाद मंगलवार को स्कूल में मौजूद प्रधानाध्यापिका और एक महिला शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के तुरंत बाद हमारे ब्लॉक रिसोर्स सेंटर कोऑर्डिनेटर (बीआरसीसी) ने मौके पर जाकर जांच की। आज दुखद समाचार मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, सीआरसीसी और मैंने स्वयं स्थल का दौरा किया। फिलहाल एक शिक्षक को प्रभारी बनाया गया है और अस्थायी व्यवस्था के तहत एक अन्य शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी।
मृत छात्र की पहचान विजय मलिक के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, विजय मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे मध्याह्न भोजन करने के बाद शौच के लिए स्कूल से बाहर गया था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा। उसके नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की और गणिया थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
बुधवार सुबह गांव के पास स्थित एक खुले कुएं से छात्र का शव बरामद हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने साजिश की आशंका जताते हुए कांतिलो–दासपल्ला सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर गणिया थाना प्रभारी (आईआईसी) और खंडपड़ा के एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।