व्हाट्सऐप चैटबॉट के जरिए राजस्व सेवाओं का डिजिटलीकरण करेगी ओडिशा सरकार

  • Feb 04, 2026
Khabar East:Odisha-Govt-To-Digitise-Revenue-Services-Via-Whatsapp-Chatbot
भुवनेश्वर,04 फरवरीः

डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए ओडिशा सरकार जल्द ही राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के तहत एक व्हाट्सऐप चैटबॉट लॉन्च करने जा रही है। इसके जरिए नागरिक ऑनलाइन प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन कर सकेंगे और अन्य राजस्व सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य बिचौलियों पर निर्भरता कम करना, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना और सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाना है।

 राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बुधवार को कहा कि विभाग ने अपनी सेवाओं का डिजिटलीकरण किया है ताकि नागरिक घर बैठे ही सुविधाजनक तरीके से सेवाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि पहले जब लोग राजस्व कार्यालयों में जाते थे तो कभी-कभी अधिकारियों द्वारा पैसों की मांग की जाती थी। ऐसी प्रथाओं को खत्म करने के लिए हमने अधिकांश सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है और अब उन्हें और अधिक सुलभ बनाने के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट शुरू कर रहे हैं।

 इस चैटबॉट के माध्यम से नागरिक जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र सहित अन्य दस्तावेजों के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा वे अपने आवेदनों की स्थिति रियल टाइम में ट्रैक भी कर पाएंगे। यदि किसी आवेदन में देरी होती है तो संबंधित अधिकारियों को इसका कारण बताना होगा और किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 मंत्री पुजारी ने यह भी बताया कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिक रिश्वत मांगने की किसी भी घटना की शिकायत सीधे चैटबॉट के माध्यम से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी से रिश्वत मांगी जाती है तो उसकी शिकायत सीधे मेरे पास पहुंचेगी और मैं सुनिश्चित करूंगा कि तुरंत कार्रवाई की जाए।

Author Image

Khabar East

  • Tags: