अस्पताल से 74 वर्षीय मरीज लापता, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

  • Oct 24, 2026
Khabar East:74-year-old-patient-goes-missing-from-hospital-questions-raised-over-security-arrangements
उत्तरपाड़ा,24 अक्टूबरः

पश्चिम बंगाल के उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल से 74 वर्षीय मरीज के लापता होने का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में दिनभर तलाश के बावजूद मरीज का पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने उत्तरपाड़ा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि परिवार ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। लापता मरीज की पहचान संतोष दास के रूप में हुई है। उनकी उम्र 74 वर्ष है और वह उत्तरपाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 7 के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, दशमी की सुबह बुखार और दस्त की शिकायत के बाद उन्हें उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के अनुसार पिछले दो दिनों में संतोष दास की तबीयत में सुधार हुआ था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने शुक्रवार शाम को उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने की बात भी कही थी।संतोष दास के बेटे वरुण दास ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9:45 बजे अचानक उन्हें फोन आया और जल्द अस्पताल पहुंचने को कहा गया। जब वह अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनके पिता का पता नहीं चल रहा है। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की। दिनभर खोजबीन करने के बावजूद संतोष दास का कोई सुराग नहीं मिला।

 परिवार के सदस्यों का कहना है कि संतोष दास के हाथ में सलाइन लगाने वाला चैनल लगा हुआ था। ऐसे में अस्पताल से उनके लापता होने की घटना ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: