झारखंड बीजेपी कार्य समिति के सदस्य रमेश सिंह को फोन पर धमकी मिली है। रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। रमेश सिंह ने सुखदेव नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई करने और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। उन्हें मोबाइल नंबर 9474667147 से धमकी भरा फोन आया था। रमेश सिंह ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर को दोपहर 2:16 बजे मोबाइल नंबर 9474667147 से फोन आया था। रिसीव करने पर एक शख्स ने कहा कि वो पीएलएफआई संगठन से बोल रहा है। अगर आपको व्यवसाय करना है तो संगठन को मदद करना होगा। ऐसा नहीं करने पर अंजाम भुगतना होगा। यह बॉस का आदेश है। भाजपा नेता ने पुलिस को लिखे गए आवेदन में इस बात का जिक्र किया है कि पूर्व में भी उनको इस तरह की धमकी मिल चुकी है। भाजपा नेता रमेश सिंह रातू रोड के शिवपुरी इलाके में रहते हैं। सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर दिलचस्पी लेते हैं। अल्बर्ट एक्का चौक के पास पूजा का आयोजन करने वाले चंद्रशेखर आजाद क्लब से भी जुड़े हुए हैं। यहां भव्य तरीके से दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। अक्सर बड़े-बड़े कलाकारों को आमंत्रित कर कार्यक्रम का आयोजन कराते रहते हैं। सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते हैं, लेकिन पीएलएफआई के नाम पर उनको मिली धमकी से भाजपा नेताओं ने विधि व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया है।
बता दें कि मई 2023 में रांची महानगर के जिला महामंत्री रहे बलराम सिंह को पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप ने धमकी दी थी। उनसे संगठन के नाम पर 10 एके-47 देने की मांग की गई थी। तब भाजपा महानगर महामंत्री बलराम सिंह ने बताया था कि धमकी से पहले कमता स्थित उनके फार्म हाउस के आसपास कई बार संदिग्ध लोग देखे गए थे। बलराम सिंह को मोबाइल नंबर 6287686186 से 18 मई 2023 को फोन आया था। उस वक्त वे महानगर कार्यालय में थे। फोन पर धमकी मिलते ही उन्होंने फोन की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी थी। इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया था। इस धमकी के कुछ दिन बाद ही 30 लाख के इनामी पीएलएफआई सुप्रीमों दिनेश गोप को नेपाल से गिरफ्तार करने की बात सामने आई थी। फिलहाल वह झारखंड की जेल में बंद है।