बिहार में अब नेताओं को भी धमकी मिल रही है और खास तौर पर सत्ताधारी दल के नेता निशाने पर हैं। इसी कड़ी में भाजपा के फायर ब्रांड नेता हरिभूषण ठाकुर बचौल को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद हरिभूषण ठाकुर ने तुरंत राजधानी पटना के पाटलिपुत्र थाने में लिखित प्राथमिकी दर्ज करा दी है। भाजपा के फायर ब्रांड नेता हरिभूषण ठाकुर बचौल एक बार फिर सुरक्षा कारणों से सुर्खियों में आ गए हैं। किसी अज्ञात असामाजिक तत्व के द्वारा उन्हें जान से मारने की यह धमकी दी गई है। वाकया तब का है जब वह पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र स्थित अपने फ्लैट में रह रहे थे और रात के करीब 9:00 बजे उन्हें यह धमकी भरा फोन आया।
बिहार बीजेपी के पूर्व विधायक और पार्टी के प्रदेश महामंत्री हरिभूषण ठाकुर बचौल को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। हरिभूषण ठाकुर बचौल ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी गहरी चिंता जताई है। हरिभूषण ठाकुर बचौल के मुताबिक, उन्हें फोन कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई और साथ ही जमकर गाली-गलौज भी किया गया। उन्होंने इस मामले की पूरी जानकारी पाटलिपुत्र थाना अध्यक्ष को देते हुए कहा है कि धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, क्योंकि उनके बयान कई बार राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहते हैं।
संप्रदाय विशेष और पाकिस्तान को लेकर भी कई बार हरिभूषण ठाकुर के कड़े तेवर देखे गए हैं, जिसके कारण उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि मैं अपने निजी आवास पर आराम कर रहा था तभी रात 9:00 बजे के आसपास मोबाइल पर घंटी बजी। फोन उठाने पर गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।