रांची में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, लोगों में दिखा उत्साह

  • Aug 13, 2025
Khabar East:BJPs-grand-Tiranga-Yatra-in-Ranchi-people-showed-enthusiasm
रांची,13 अगस्तः

पीएम मोदी के आह्वान पर राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत आज 13 अगस्त को रांची में महानगर भाजपा की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राजधानी के मोरहाबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस यात्रा में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट भी हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने तिरंगे को आन-बान और शान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया के लोग भी भारतीय सैनिकों और सेना के प्रति गर्व और सम्मान की भावना रखते हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के वीर जवानों के सम्मान का एक माध्यम है।

इस अवसर पर सांसद आदित्य साहू ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश के वीर जवानों को याद करने का मौका मिलता है। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर 10 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। 13 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराया जाएगा।

महानगर भाजपा द्वारा आयोजित इस तिरंगा यात्रा का आकर्षण का केंद्र भारत माता के रूप में सजी बच्चियां रहीं। घोड़ों पर सवार होकर तिरंगा यात्रा पर निकली इन बालिकाओं की खुशी देखने लायक थी। इस दौरान राजधानी की सड़कें राष्ट्रीय ध्वजों से पटी रहीं और भारत माता की जय के नारे से गूंज उठीं, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। 

Author Image

Khabar East

  • Tags: