भारत बंद: ओडिशा में व्यापक असर, विरोध-प्रदर्शन से जनजीवन प्रभावित

  • Feb 12, 2026
Khabar East:Bharat-Bandh-Odisha-Sees-Widespread-Unrest-Protests-Paralyze-Normal-Life
भुवनेश्वर,12 फरवरीः

10 ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के राष्ट्रव्यापी बंद का ओडिशा में व्यापक असर देखने को मिला, जहां राज्यभर में विरोध-प्रदर्शन और प्रदर्शनकारियों की गतिविधिया तेज रहीं। कांग्रेस और बीजू श्रमिक सामुख्य के समर्थन वाले इस बंद के कारण पूरे राज्य में यातायात व्यवस्था बाधित रही।

विभिन्न जिलों में सड़कों को जाम किया गया और बाजार बंद रहे, जिससे सामान्य जनजीवन ठप हो गया। कुछ स्थानों पर श्रमिक संगठनों के सदस्य रेलवे स्टेशनों पर प्रदर्शन करते नजर आए, जिससे रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

बालेश्वर में ट्रेड यूनियन सदस्यों ने बांगिरिपोसी-पुरी एक्सप्रेस को रोक दिया, जबकि शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए।

 बलांगीर में प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रधान डाकघर पर ताला जड़ दिया और सुबह की सब्जी मंडी बंद करा दी। भद्रक में एआईसीसीटीयू सदस्यों ने एनएच-16 को जाम कर दिया, जिससे यातायात रुक गया, जबकि ब्रम्हपुर में रेलवे स्टेशन पर धरना दिया गया और निजी शैक्षणिक संस्थान बंद रहे।

 इसके अलावा पारादीप बंदरगाह पर गेट नंबर-3 के सामने श्रमिकों ने प्रदर्शन किया, जबकि रंगिया गढ़ ब्रिज और कुजंग बाजार सहित अन्य इलाकों में भी विरोध प्रदर्शन हुए।

संबलपुर में ऐंठापली चौक पर एनएच-55 को जाम कर दिया गया और शहर के विभिन्न हिस्सों में दुकानें व बाजार बंद रहे।

राजधानी भुवनेश्वर में प्रदर्शनकारियों ने मास्टर कैंटीन स्थित आम बसडिपो को निशाना बनाते हुए गेट बंद कर दिए, जिससे बस सेवाएं ठप हो गईं। डिपो के प्रवेश द्वार पर भी प्रदर्शन किया गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई।

जयदेव विहार फ्लाईओवर पर प्रदर्शनकारियों द्वारा एनएच-16 को जाम करने से सैकड़ों वाहन दोनों ओर फंस गए और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

बंद के कारण शहर में सन्नाटा पसरा रहा और यातायात लगभग ठप रहा। विरोध-प्रदर्शनों के चलते राज्यभर में स्कूल, कॉलेज, बैंक, पेट्रोल पंप और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रभावित रहीं।

 श्रमिक संगठनों की मांगों में श्रम कानूनों में बदलाव, विद्युत संशोधन विधेयक 2025 की वापसी और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करना शामिल है।

 बंद का समर्थन आईएनटीयूसी, एआईटीयूसी, एचएमएस, सीटू, एआईयूटीयूसी, एआईसीसीटीयू, टीयूसीसी, सेवा, एलपीएफ, यूनाइटेड फार्मर्स फ्रंट, ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और इंडियन बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन सहित कई संगठनों ने किया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: