राष्ट्रपति के ओडिशा दौरे को लेकर भुवनेश्वर-कटक में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

  • Jul 31, 2026
Khabar East:Bhubaneswar-Kataka-Police-Notify-Traffic-Restrictions-Ahead-Of-Presidents-Odisha-Tour
भुवनेश्वर,31 जुलाईः

भारत की राष्ट्रपति के 3 से 5 अगस्त, 2026 तक प्रस्तावित ओडिशा दौरे के मद्देनज़र भुवनेश्वर-कटक पुलिस कमिश्नरेट ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। राष्ट्रपति इस दौरान भुवनेश्वर और कटक में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

कमिश्नरेट ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ट्विन सिटी (भुवनेश्वर-कटक) की कई प्रमुख सड़कों पर निर्धारित समय के दौरान अस्थायी यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। ये प्रतिबंध ओडिशा अर्बन पुलिस अधिनियम, 2003 तथा भुवनेश्वर-कटक पुलिस कमिश्नरेट (यातायात एवं लोक व्यवस्था) विनियम, 2008 के तहत लगाए गए हैं।

एडवाइजरी के अनुसार, निर्धारित समय के दौरान चिन्हित मार्गों और उनसे जुड़ी संपर्क सड़कों पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

 3 अगस्त (सोमवार) की दोपहर 2:10 बजे से 2:30 बजे तक एयरपोर्ट स्क्वायर, हॉस्पिटल स्क्वायर, एजी स्क्वायर और लोक भवन स्क्वायर मार्ग पर यातायात प्रतिबंध रहेगा।

 इसके अलावा 3:50 बजे से 4:50 बजे तथा 5:50 बजे से 6:50 बजे तक लोक भवन स्क्वायर, पावर हाउस स्क्वायर, 120 बटालियन स्क्वायर, शास्त्री नगर स्क्वायर, बेहरा साही स्क्वायर, जयदेव विहार स्क्वायर, एक्सआईएमबी (XIMB) स्क्वायर, नालको स्क्वायर, मना स्क्वायर, पटिया स्क्वायर, कीट (KIIT) स्क्वायर, नंदनकानन स्क्वायर, रंग गोलेई, ब्लॉक चौक, गोड़ीसाही चौक, कैनाल रोड और बनारा चौक से होकर गुजरने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।

वहीं, 4 अगस्त (मंगलवार) की सुबह 8:30 बजे से 8:50 बजे तक लोक भवन स्क्वायर से एजी स्क्वायर, राजमहल स्क्वायर, मास्टर कैंटीन गोलेई, यू-टर्न, यूको बैंक लेन और कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

इसकी अलावा 5 अगस्त (बुधवार) की दोपहर 12:30 बजे से 12:50 बजे तक भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन, यूको बैंक लेन, राजमहल स्क्वायर, एजी स्क्वायर, हॉस्पिटल स्क्वायर और एयरपोर्ट स्क्वायर को जोड़ने वाले मार्ग पर यातायात प्रतिबंध रहेगा।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि  तीन अगस्त को अधिसूचित समय के दौरान भुवनेश्वर या खुर्दा से कटक जाने वाले तथा कटक की ओर से बालिकुडा स्क्वायर होकर भुवनेश्वर या पितापल्ली स्क्वायर की ओर आने वाले छह पहिया एवं उससे बड़े मालवाहक वाहन, बसें, ट्रक और ट्रेलर का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

हालांकि, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।

पुलिस कमिश्नरेट ने लोगों से यात्रा की अग्रिम योजना बनाने, जहां संभव हो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: